Home / Uncategorized / बिजली संकट पर एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता सख्त, अधिवक्ताओं की शिकायत पर एसडीओ को किया तलब

बिजली संकट पर एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता सख्त, अधिवक्ताओं की शिकायत पर एसडीओ को किया तलब

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। दुद्धी तहसील की जिम्मेदारी संभालते ही उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने आमजन को भरोसा दिलाया कि तहसील क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार उनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे सीधे प्रशासन से संपर्क करें। इसी क्रम में दुद्धी नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता से मिला। अधिवक्ताओं ने बिजली आपूर्ति में बार-बार आ रही बाधाओं की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने विद्युत विभाग के एसडीओ अतिकुर्रहमान को कार्यालय में तलब किया और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए क्षेत्र की बिजली व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिवक्ता कुलभूषण पांडेय, प्रेम चंद यादव और जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्युत आपूर्ति नहीं होने से न्यायालय का कामकाज प्रभावित हो रहा है। लगातार बिजली कटौती से आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिवक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खेती-बारी का कार्य चल रहा है। ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है।

33 केवी लाइन की खराबी बनी मुख्य वजह

एसडीओ अतिकुर्रहमान ने एसडीएम को बताया कि दुद्धी की 33 केवी लाइन में खराबी आने के कारण कनहर क्षेत्र के चार विद्युत उपकेंद्रों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिजली दी जा रही है। इन उपकेंद्रों की आपूर्ति खाड़पाथर से जोड़ी गई है। 33 केवी लाइन को दुरुस्त कराने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से इंसुलेटर खराब होने के कारण बार-बार फाल्ट की स्थिति बन रही है। खराब इंसुलेटर का पता लगाने में भी तकनीकी दिक्कत आती है। समस्या से स्थायी राहत के लिए अर्थ वायर तैयार कराया जा रहा है। इससे आकाशीय बिजली के प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी और इंसुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की संभावना भी घटेगी। एसडीओ ने आश्वस्त किया कि तकनीकी खराबियों को दूर कराने का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्धारित रोस्टिंग के अतिरिक्त अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होने देने का प्रयास किया जाएगा। विभाग की कोशिश रहेगी कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिकतम समय तक सुचारु बनी रहे। मामले की जानकारी लेने के बाद एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने एसडीओ और जेई को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द सामान्य की जाए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं के साथ न्यायालय और सरकारी कार्य भी प्रभावित होते हैं। इसलिए विद्युत संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम ने जनमानस को भरोसा दिलाया कि तहसील क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *