पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र । म्योरपुर थाना क्षेत्र के काचन गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा कथित रूप से बाल्टी से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। महिला की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, काचन गांव निवासी पनमति (30) पत्नी संतलाल पर घरेलू विवाद के दौरान उसके पति ने कथित तौर पर बाल्टी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग धान की रोपाई के लिए घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान घर से चीख-पुकार सुनाई दी तो परिजन वापस पहुंचे। वहां पनमति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। परिजन तत्काल घायल महिला को म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पनमति ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










