शिकायतों को गंभीरतापूर्वक नहीं लेने पर हुआ, मार-पीट
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
गोरखपुर,गोला थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सरकारी मार्ग को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मांग कर रही युवती के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मारपीट का वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोपालपुर निवासी जूली शर्मा पुत्री रमाकान्त शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अगस्त को दिन में करीब 1:10 बजे वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर बैठी थी। आरोप है कि इसी दौरान घर के सामने रहने वाले राहुल यादव, गिरिजा यादव, मीना देवी समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर उसकी बहन चांदनी के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर में मनोज यादव पर फोन के जरिए आरोपितों को उकसाने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
————
दो माह से पिता पुत्री कर रहे थे शिकायत….
पीड़िता और उसके पिता का आरोप है कि गांव में वर्षों से आवागमन के लिए इस्तेमाल हो रहे सरकारी मार्ग को एक परिवार द्वारा अपनी भूमि बताते हुए बाउंड्रीवाल बनाकर अवरुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर दोनों करीब दो माह से थाना प्रभारी, उपजिलाधिकारी गोला,जिलाधिकारी गोरखपुर और आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि शिकायतों से नाराज होकर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता ने बताया कि उसने ग्रामीणों के आवागमन को देखते हुए निर्माण कार्य रोकने और मार्ग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने तक यथास्थिति बनाए रखने की मांग की थी। आरोप है कि विरोध करने पर गिरिजा शंकर यादव, उनकी पत्नी और पुत्रों ने गाली-गलौज कर धमकी दी। सामूहिक मार्ग की नाली तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
——————
युवती का गोरखपुर के निजी अस्पताल मे चल रहा है इलाज…..
परिजनों के अनुसार मारपीट में घायल जूली का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसके कान से रक्तस्राव हो रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रसारित वीडियो के साथ ही विवादित मार्ग से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।










