पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। हिण्डाल्को रेणुकूट में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रशासनिक भवन लॉन में आयोजित समारोह में संस्थान के मुखिया एवं मुख्य अतिथि श्री समीर नायक ने सुरक्षा परेड की सलामी ली तथा राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे कोe सलामी दी। इस दौरान महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री समीर नायक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अमर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र देश के नागरिक हैं। उन्होंने हिण्डाल्को की प्रगति में कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संस्थान ने औद्योगिक शांति के साथ-साथ पर्यावरण, ऊर्जा, सुरक्षा एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। इन उपलब्धियों के लिए संस्थान को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जो हिण्डाल्को परिवार के लिए गौरव की बात है।
इसके बाद विगत छह माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों तथा मेधावी विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित करने वालों में क्लस्टर हेड श्री समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड श्री जसबीर सिंह, पीबीयू हेड एचआरबीपी श्री अजय सिन्हा, श्री एचआर सिंह, श्री सुनील मिश्रा, श्री सुनील कान्त पाण्डेय, श्री बिजॉय सिंह, श्री जय तिवारी, श्री कैलाश प्रधान एवं श्री आदित्य बर्मन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन श्री अजय कुमार सिन्हा ने किया, जबकि संचालन मनोरंजनालय प्रमुख श्री वेद प्रकाश ने किया। सुरक्षा परेड का नेतृत्व सुरक्षा विभाग के प्रबंधक करनदीप सिंह ने किया। समारोह में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी ने प्लांट परिसर में स्थापित हिण्डाल्को के संस्थापक श्री घनश्यामदास जी बिड़ला की भव्य प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद हिण्डाल्को अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, हिण्डाल्को प्राइमरी स्कूल यूनिट-1 एवं यूनिट-2, महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विभिन्न गांवों में भी राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया।










