पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
अगला बायां टायर फटने से हुआ हादसा, क्रेन से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार
महराजगंज। रविवार सुबह शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर शिकारपुर चौराहे से करीब 100 मीटर पहले एक बेलोनो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि कार बल्लो की ओर से शिकारपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान अचानक कार का अगला बायां टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क के पूरब किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बेलोनो कार बल्लो के मनीष जायसवाल की बताई जा रही है। कार की नंबर प्लेट पर अभी तक नंबर अंकित नहीं होने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गड्ढों और पानी भरने की समस्या को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने की मांग की है।










