Home / Uncategorized / स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार बाइक ने छात्र को रौंदा

स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार बाइक ने छात्र को रौंदा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
नहर पटरी पर दर्दनाक हादसा, डीएवी इंटर कॉलेज के कक्षा 9 के छात्र अभिषेक चौधरी की मौत

महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद घर लौट रहे कक्षा 9 के छात्र की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा घुघली थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव के सामने नहर पटरी पर शनिवार को हुआ। मृतक की पहचान नरायनपुर दक्षिण टोला निवासी सुभाष चौधरी के पुत्र अभिषेक चौधरी (12) के रूप में हुई। अभिषेक घुघली स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अभिषेक स्कूल से घर लौट रहा था। वह नरायनपुर गांव के सामने नहर पटरी पर पहुंचा ही था कि इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, सोशल मीडिया के माध्यम से मामले का संज्ञान लेते हुए महराजगंज पुलिस ने अपने आधिकारिक पेज पर बताया कि प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष घुघली को निर्देशित किया गया है।
तेज रफ्तार पर लगाम की मांग
दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने नहर पटरी पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर नियंत्रण लगाने, वाहनों की गति पर निगरानी बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर पटरी पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *