पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। सादगी, सहजता और आत्मीय व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को अपना जन्मदिन धार्मिक आस्था और सादगी के साथ मनाया। जन्मदिन के अवसर पर वह अपनी पत्नी एवं बिटिया के साथ पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव एवं पंचमुखी हनुमान जी का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। परिवार के साथ मंदिर पहुंचे जिलाधिकारी ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की। जन्मदिन के मौके पर डीएम का यह सहज और सादगीपूर्ण अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा दर्शन-पूजन के बाद जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं। सादगीपूर्ण अंदाज ने जीता लोगों का दिल जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर किसी औपचारिक आयोजन के बजाय परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करने का जिलाधिकारी का अंदाज लोगों को खूब पसंद आया। श्रद्धालुओं के बीच सहजता से मिलना-जुलना और मंदिर की व्यवस्थाओं का स्वयं जायजा लेना उनके सरल स्वभाव को दर्शाता रहा। इस अवसर पर तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज अमित सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










