Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। सोमवार शाम किताब मांगने गई किशोरी को एक युवक ने घर में बंद कर उसके पिता को गोली मारने की धमकी दी और दुष्कर्म का प्रयास किया।

पीड़िता के अनुसार, वह सोमवार शाम अपने पड़ोसी के घर किताब लेने गई थी। आरोपी युवक ने उसे घर में बंद कर लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के पिता को गोली मारने की धमकी दी।

किशोरी किसी तरह चिल्लाते हुए छत पर पहुंची और शोर मचाया। आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसे थप्पड़ मारे। इसके बाद पीड़िता घर से बाहर भाग निकली। बाहर आरोपी के कुछ दोस्त मौजूद थे, जो घटना का वीडियो बना रहे थे।

पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद उसके पिता ने धानापुर थाने में तहरीर दी। हालांकि, सोमवार को तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने मामला दर्ज किया और कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

इस संबंध में धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि एक गांव की किशोरी के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *