चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित नरौली गांव के काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और सात चांदी की आंखें चोरी हो गईं। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह जब ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम को पूजन-अर्चन के बाद मंदिर में सब कुछ सामान्य था। बुधवार सुबह जब वे दोबारा मंदिर पहुंचे, तो घंटा और चांदी की आंखें गायब देखकर हैरान रह गए। इस घटना से ग्रामीणों में रोष है।
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी नरौली गांव के तीन मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में अभी तक चोरों को पकड़ा नहीं जा सका है।
धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नरौली गांव के काली माता मंदिर में चोरी की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










