Home / Uncategorized / दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
जेवरात, 3,390 रुपये नकद और खरीद-बिक्री से जुड़ी चार पर्चियां बरामद—एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, 3,390 रुपये नकद और जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां बरामद की हैं। वहीं, चोरी की घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसे वांछित घोषित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक,
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस को चोरी की घटना के खुलासे में सफलता मिली। पुलिस टीम ने 19 अगस्त को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जवाहर लाल इंटर कॉलेज से करीब 300 मीटर आगे नहर रोड के किनारे से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मंजेश साहनी (24) निवासी बेलवा टिकर, थाना घुघली तथा युसुफ अली (21) निवासी करमहा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
चोरी के जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की बिछिया, एक जोड़ी सफेद धातु की पायजेब बरामद की। इसके साथ ही चोरी के जेवरात बेचने के बाद बचे 3,390 रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से आभूषणों की खरीद से संबंधित चार पर्चियां भी मिली हैं, जिन्हें जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
तीसरा आरोपी अभी वांछित
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल राहुल पाण्डेय उर्फ मयंक पाण्डेय, निवासी हरखपुरा टोला सोनबरसा, थाना घुघली को वांछित किया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब घटना के खुलासे से लोगों ने राहत की सांस ली है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *