Home / Uncategorized / पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी नहीं छोड़ा, लखनऊ में दोहरे हत्याकांड के बाद पति ने दी जान

पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी नहीं छोड़ा, लखनऊ में दोहरे हत्याकांड के बाद पति ने दी जान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। आरोप है कि मानस बाजपेई ने पहले अपनी पत्नी और ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या की। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। आखिर में आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतका दिव्या मिश्रा पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।

जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा रोज की तरह गुरुवार सुबह गोमतीनगर स्थित बैंक पहुंची थीं। बैंक पहुंचने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया और उन्हें बैंक के गेट के बाहर बुलाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बैंक के बाहर मानस बाजपेई दोनों हाथों में पिस्टल लेकर खड़ा था। दिव्या के बाहर आने के बाद दोनों के बीच बातचीत की कोशिश हुई। आरोप है कि दिव्या के अनदेखा करने पर मानस ने उन पर गोली चला दी।

गोली लगने के बाद दिव्या गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी मानस ऑटो से हुसड़िया चौराहे स्थित अपने घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि तलाक की अर्जी भी दाखिल की जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। गोमतीनगर थाने के बेहद करीब दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर दिया गया। पुलिस CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और आरोपी की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *