अमरोहा में डेयरी कर्मचारी प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके सहकर्मी निकेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है और मृतक उसे बार-बार ‘बिहारी’ कहकर डांटता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी।उत्तर प्रदेश के अमरोहा में डेयरी कर्मचारी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के नाजरपुर कलां गांव में हुई इस वारदात में पुलिस ने मृतक प्रदीप कुमार के सहकर्मी निकेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रदीप और निकेश एक ही डेयरी में काम करते थे। निकेश मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है। आरोप है कि प्रदीप अक्सर उसे ‘बिहारी’ कहकर डांटता था। इसको लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई और मामला गाली-गलौज व मारपीट तक पहुंच गया था।
पुलिस की जांच के अनुसार, 17 और 18 अगस्त की रात प्रदीप डेयरी परिसर में सो रहा था। इसी दौरान निकेश ने वहां रखी भूसा निकालने वाली पंजी/जाली से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद प्रदीप की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए उसे भूसे वाले कमरे में रख दिया। पुलिस का कहना है कि निकेश ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की और शव पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के सहकर्मी निकेश पर गया।पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पंजी/जाली और पेट्रोल की सीसी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों कर्मचारियों के बीच ‘बिहारी’ कहकर डांटने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते निकेश ने कथित तौर पर प्रदीप की हत्या कर दी।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोनों के बीच पहले हुए विवाद, हत्या की पूरी योजना और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।










