Home / Uncategorized / सनबीम स्कूल के बच्चों ने पीएम, सीएम और सीमा पर तैनात जवानों को लिखे भावुक पत्र

सनबीम स्कूल के बच्चों ने पीएम, सीएम और सीमा पर तैनात जवानों को लिखे भावुक पत्र

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सनबीम स्कूल में एक विशेष ‘पत्र लेखन एवं राखी प्रेषण’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देश के प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के वीर अधिकारियों व जवानों के लिए हस्तलिखित पत्र और राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपने संदेशों में देश की सुरक्षा में तत्पर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी दीर्घायु की कामना की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय डाक विभाग, बलिया के पोस्टमास्टर अजीत दुबे उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की अत्यंत सराहना की और कहा कि “डिजिटल क्रांति के इस दौर में हाथों से लिखे पत्रों का महत्व और भावनात्मक गहराई अद्वितीय है। जब सीमा पर तैनात जवानों को बच्चों द्वारा लिखे पत्र और राखियां मिलेंगी, तो उनका उत्साह और मनोबल दोगुना हो जाएगा।” विदित हो कि सनबीम स्कूल अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कई क्षेत्रों में अनूठी पहल करता रहता है। विद्यालय अपने विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाता है, चाहे वो प्रायोगिक क्षेत्र हो खेल। विद्यार्थियों को उचित प्रशिक्षण देने के लिए विभिन्न विषयों से संबंधित पारंगत प्रशिक्षक निरंतर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं। इस पत्रलेखन कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि की देखरेख में सभी पत्रों और राखियों को डाक विभाग के सुपुर्द किया गया, ताकि रक्षाबंधन से पूर्व ये पत्र संबंधित गणमान्य व्यक्तियों और सेना के जवानों तक पहुंच सकें। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह तथा शिक्षकगण एवं भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *