Home / Uncategorized / चीनी के बढ़ते दाम के बीच रेनुकूट में छापा, आरके सेल्स के गोदाम में मिला 450 बोरी स्टॉक

चीनी के बढ़ते दाम के बीच रेनुकूट में छापा, आरके सेल्स के गोदाम में मिला 450 बोरी स्टॉक

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

रेनुकूट (सोनभद्र)। चीनी के लगातार बढ़ते दाम और संभावित कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने शनिवार को रेनुकूट में बड़ी कार्रवाई की। दुद्धी एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता के निर्देश पर पूर्ति विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने खड़पाथर स्थित आरके सेल्स के गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान गोदाम में करीब 450 बोरी चीनी का स्टॉक मिला। कार्रवाई के दौरान पूर्ति निरीक्षक, नायब तहसीलदार और स्थानीय लेखपाल ने गोदाम में रखे चीनी के स्टॉक का मौके पर सत्यापन किया। टीम ने स्टॉक से संबंधित बिल-बाउचर, खरीद संबंधी अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने मौके पर स्टॉक का विवरण दर्ज करते हुए आवश्यक मेमो भी तैयार किया। 450 बोरी चीनी का स्टॉक मिलने से प्रशासन की जांच और गंभीर हो गई है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी स्टॉक को अवैध या कालाबाजारी से जुड़ा हुआ नहीं माना है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इतनी मात्रा में चीनी का भंडारण निर्धारित नियमों के तहत किया गया था या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, आरके सेल्स को नोटिस जारी कर स्टॉक के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके बाद फर्म द्वारा प्रस्तुत बिल-बाउचर और अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेजों की जांच में यदि स्टॉक में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चीनी के कारोबार से जुड़े व्यापारियों में भी हलचल बढ़ गई है। फिलहाल पूरे मामले की निगाहें अब दस्तावेजी जांच और फर्म के स्पष्टीकरण पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *