पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
दो साल से धूल फांक रहा शौचालय का डिब्बा, न पानी की व्यवस्था न साफ-सफाई—यात्रियों की बढ़ी परेशानी
महराजगंज। नगर पंचायत घुघली का टैक्सी स्टैंड इन दिनों अव्यवस्था और गंदगी का पर्याय बनता जा रहा है। स्टैंड के पीछे स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यात्रियों के बैठने के स्थान के ठीक बगल में मंदिर होने के बावजूद लोग मंदिर की दीवार पर पेशाब कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था भी आहत हो रही है।स्टैंड के बगल हनुमान मंदिर के पीछे रखा बड़ा लोहे का कूड़ादान कूड़े से पूरी तरह भरा पड़ा है। आसपास बिखरा कचरा और उठती दुर्गंध से यात्रियों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से नियमित सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि टैक्सी स्टैंड पर यात्रियों और चालकों के लिए शौचालय व पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो वर्षों से शौचालय का डिब्बा पड़ा हुआ है, लेकिन उसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है। मजबूर होकर लोग खुले में शौच या पेशाब करने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब टैक्सी स्टैंड का ठेका संचालित हो रहा है तो वहां यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं है? लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सफाई कराने, मंदिर की दीवार पर पेशाब रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा बंद पड़े शौचालय को चालू कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि टैक्सी स्टैंड से राजस्व लेने वाले जिम्मेदारों की नजर यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं पर कब पड़ेगी?









