चंदौली जिले में सावन के चौथे सोमवार को गंगा घाटों और मंदिरों में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। धानापुर क्षेत्र के नरौली और अमादपुर गंगा घाट पर बड़ी संख्या में कांवरियों ने गंगा स्नान कर जलाभिषेक किया। सोमवार सुबह से ही ‘बोल बम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के नेतृत्व में कांवरियों का एक जत्था नरौली गंगा घाट पहुंचा। कांवरियों ने नरौली गंगा घाट से जल लेकर धानापुर कस्बा स्थित विजय दशमी पोखरा प्रांगण में नवनिर्मित विश्वेश्वर महादेव मंदिर की ओर अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरान कांवरियों में भारी उत्साह देखा गया।
यात्रा के दौरान क्षेत्रीय मुस्लिम भाइयों ने कांवरियों का स्वागत किया। बाबू खान और रुस्तम खान के नेतृत्व में जगह-जगह फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। यह दृश्य हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि शिव का पवित्र जल हाथ में लेकर चलने से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना से मन को शांति, आत्मिक बल और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। अजय सिंह ने यह भी जोड़ा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को भी मजबूत करती है।
कांवरियों ने सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। धानापुर के विजय दशमी पोखरे पर गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरिये लंबी कतारों में लगकर भगवान सिद्धेश्वर महादेव को जल अर्पित कर रहे थे। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंज रहे थे।
कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। महिला और पुरुष पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।
धानापुर नरौली मोड़ पर कांवरियों की भीड़ पहुंचने पर बाबू खान, रुस्तम खान, आतिफ खान, शमशाद, गुड्डू खान, अरमान, जावेद, राशिद, शेराज, दीपक, उमर सहित अन्य मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।










