पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र, रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 40 से अधिक अभिभावकों ने सहभागिता की। संगोष्ठी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानंद शुक्ल एवं उप-प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने अभिभावकों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। प्रधानाचार्य ने सभी अभिभावकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं प्रभारी शिक्षक एवं संयोजक हरेन्द्र द्विवेदी ने संगोष्ठी की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य दयानंद शुक्ल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों को संयुक्त रूप से प्रयास करना होगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उनकी अन्य गतिविधियों का भी आकलन करने तथा उनमें नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करने का आह्वान किया उप-प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने डिजिटल संसाधनों के सदुपयोग एवं दुरुपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श एवं सुझावों का आदान-प्रदान हुआ। शिक्षकों ने अभिभावकों के प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा कार्यक्रम का संचालन डॉ. बबलू कुमार भट्ट ने किया। सूक्ष्म जलपान के साथ संपन्न हुई इस संगोष्ठी में समन्वयक सुधीर कुमार नायक, ब्रह्मानंद राम त्रिपाठी, बलबीर सिंह तथा कार्यालय अधीक्षक नीरज सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।









