चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक अमर वीर इंटर कॉलेज मैदान में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके गर्दन पर धारदार हथियार से कटने का निशान भी दिखाई दिया।
घायल युवक की पहचान गाजीपुर जिले के अंधऊ निवासी मंगेश कुशवाहा पुत्र मार्कण्डेय कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि मंगेश बुधवार से ही घर से लापता था।
पुलिस के अनुसार, युवक नशे की हालत में था। उसके शरीर पर कई जगह ब्लेड से चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को ब्लेड से चोट पहुंचाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगेश चंदौली में किसी लड़की से बातचीत करता था और इसी दौरान वह घर से गायब हो गया था। पुलिस अब युवक के घायल होने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।









