Home / Uncategorized / जिलाधिकारी के आदेश पर बाढ़ पीड़ितों में दवा किट का वितरण किया गया

जिलाधिकारी के आदेश पर बाढ़ पीड़ितों में दवा किट का वितरण किया गया

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के आदेशानुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ब्लॉक बेलहरी अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी के ग्राम सभा जवही दियर , रेपुरा, नन्दपुर, बेलहरी, मुडाडीह, गायघाट हल्दी, चैनछपरा हरिहरपुर बजरहा उदवनछपरा आदि गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों को आवश्यक दवा किट का वितरण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी के बीसीपीएम संजय कुमार यादव के नेतृत्व में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच दवा किट वितरित की। टीम द्वारा घर-घर एवं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान बीसीपीएम संजय कुमार यादव ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद दूषित पानी के कारण डायरिया, बुखार, त्वचा संबंधी संक्रमण तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों को साफ एवं सुरक्षित पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा जलभराव वाले स्थानों से बचने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय है। किसी भी व्यक्ति को बुखार, उल्टी-दस्त, त्वचा संबंधी समस्या अथवा अन्य स्वास्थ्य परेशानी होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचना देने के लिए कहा गया। एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दवा किट के उचित उपयोग की जानकारी दी। टीम द्वारा विशेष रूप से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दवा एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी की एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *