Home / Uncategorized / राखी के धागे में बंधेगा भाई-बहन का अटूट प्रेम, सजेगी रिश्तों की डोर

राखी के धागे में बंधेगा भाई-बहन का अटूट प्रेम, सजेगी रिश्तों की डोर

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। रक्षाबंधन को लेकर पिपरी और रेणुकूट के बाजारों में पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सजी दुकानों के साथ मिठाई, फल एवं उपहार की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए पसंदीदा राखियां खरीद रही हैं। वहीं भाई भी बहनों के लिए उपहार और मिठाइयां खरीदने में जुटे हैं। बाजारों में त्योहार को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है रक्षाबंधन शुक्रवार को जिलेभर में परंपरागत ढंग से हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सुबह से ही घरों में पूजा-अर्चना की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारेंगी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर सुख, समृद्धि, सफलता एवं दीर्घायु की कामना करेंगी। इसके बाद भाई बहनों को उपहार भेंट कर उनके सम्मान, सुरक्षा और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लेंगे। परिवार में मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा की जाएंगी।
रक्षाबंधन केवल राखी बांधने की परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का उत्सव है। कलाई पर बंधने वाला राखी का छोटा-सा धागा भावनाओं की उस मजबूत डोर का प्रतीक है, जिसे समय और दूरी भी कमजोर नहीं कर पाती। बहन का स्नेह और आशीर्वाद भाई के जीवन में खुशियों और नई ऊर्जा का संचार करता है, जबकि भाई का स्नेह बहन के मन में सुरक्षा और विश्वास का भाव जगाता है। पिपरी और रेणुकूट के बाजारों में इस बार राखियों की कई आकर्षक किस्में उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों के साथ मोती, रुद्राक्ष, चंदन और विभिन्न डिजाइन की राखियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। बहनों की पसंद को देखते हुए दुकानदारों ने राखियों की अलग-अलग रेंज सजाई है। मिठाई और उपहार की दुकानों पर भी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी रक्षाबंधन पर घर पहुंचने की तैयारी में जुटे हैं। भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा और पारिवारिक एकता का प्रतीक माना जाता है। बदलते समय और व्यस्त जीवनशैली के बावजूद इस पर्व की भावनात्मक महत्ता कायम है। यह अवसर भाई-बहन को पुराने दिनों की यादों से जोड़ने के साथ रिश्तों में आई दूरियों को मिटाने का भी काम करता है। राखी का पवित्र धागा प्रेम, विश्वास, सम्मान और आशीर्वाद का संदेश देते हुए भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *