चंदौली। धानापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन पर 24 अगस्त 2026 को निठोहर चौहान पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
यह घटना धानापुर कस्बे में वीआरसी विद्यालय के पास निर्माणाधीन आरसीसी सड़क पर आवागमन को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई थी। वादी निठोहर चौहान पुत्र मिर्जा चौहान निवासी कस्बा धानापुर, मिश्रान टोला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026, धारा 109(1)/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने 28 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मोती पुत्र स्व. राजकेशर उर्फ राजकिशोर (उम्र 25 वर्ष) को गुरेहू के अमरा मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे अभियुक्त मिथिलेश पुत्र स्व. राजकेशर उर्फ राजकिशोर (उम्र 19 वर्ष) को धानापुर बस अड्डे से पकड़ा गया। दोनों अभियुक्त कस्बा धानापुर, पूरब बस्ती के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को आरसीसी सड़क पर आवागमन रोकने को लेकर हुए विवाद में उन्होंने सड़क पर रखे फावड़े से निठोहर चौहान के सिर पर वार किया था और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस टीम अब इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोती (25) और मिथिलेश (19) दोनों पुत्र स्व. राजकेशर उर्फ राजकिशोर, निवासी कस्बा धानापुर, पूरब बस्ती, थाना धानापुर, जनपद चंदौली शामिल हैं। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास मु0अ0सं0 151/2026 धारा 109(1)/352 बी0एन0एस0 थाना धानापुर, जनपद चंदौली के तहत दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा, उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, उपनिरीक्षक चन्देश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौर्या, कांस्टेबल मोहम्मद शमशीद और होमगार्ड रमेश राम शामिल थे।









