पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र थाना शक्तिनगर पुलिस ने संदिग्ध सड़क हादसे के रूप में सामने आई हत्या की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाकर वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी गईं। जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को बीना स्टेडियम-जमशीला के पास एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव सड़क किनारे मिला था। प्रारंभ में मामला सड़क हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान से प्रेम-प्रसंग था। आरोप है कि 22 अगस्त को रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ। इसी दौरान प्रियंका और विकास ने कथित रूप से गला दबाकर तथा पत्थर के फर्श पर सिर पटककर रमाशंकर की हत्या कर दी। इसके बाद विकास ने अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर व गमछे में लपेटकर सड़क किनारे पहुंचाया और वाहन से चोट पहुंचाकर हादसे का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस ने विकास चौहान (25), प्रियंका मिश्रा (35), अनुराग सिंह उर्फ बादल (18) और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, चौकी प्रभारी बीना अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह और अमृत लाल शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों और एनसीएल कर्मचारियों में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।










