जिला अस्पताल से खिड़की के रास्ते फरार हुआ शातिर अपराधी, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गाजीपुर। जिला अस्पताल गाजीपुर में पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रहा एक शातिर अपराधी शनिवार को करीब 3:50 बजे बाथरूम की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बाथरूम की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने मौका पाकर अस्पताल से भागने में सफलता हासिल कर ली।
घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में भर्ती अपराधी तक ऐसी खिड़की कैसे पहुंच में रही, जिसमें सुरक्षा के लिए ग्रिल तक नहीं लगी थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस मुठभेड़ में हुआ था गिरफ्तार
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार आरोपी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी पुत्र विजयी पासी, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी ग्राम नोनरा, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर है। पुलिस रिकॉर्ड में उसे थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर बदमाश (HS नंबर 92A) बताया गया है। 1 अगस्त 2026 को थाना गहमर पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी घायल हुआ था और उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। उसके खिलाफ थाना गहमर में मुकदमा संख्या 160/2026, धारा 3(5), 109(1), 317(2) बीएनएस एवं 3/7/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
35 मुकदमों का दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस प्रेस नोट में सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी के खिलाफ कुल 35 मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज किया गया है। इनमें गाजीपुर के अलावा मऊ, सुल्तानपुर और आजमगढ़ के थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने का उल्लेख है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ गहमर, सादात, कोतवाली और मरदह थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, पीली धातु की लॉकेट और 90,620 रुपये नकद बरामद किए गए थे।
अब जिला अस्पताल से आरोपी के फरार होने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस अभिरक्षा में लापरवाही को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जिम्मेदारी तय होने और फरार आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार है।
जिला अस्पताल से खिड़की के रास्ते फरार हुआ शातिर अपराधी, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल









