पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र/दुद्धी। बोल बम सेवा समिति रेणुकूट के सदस्यों ने दुद्धी स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के बीच सेवा एवं सहयोग का कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान आश्रम में निवासरत महिला एवं पुरुष बुजुर्गों को समिति की ओर से मच्छरदानी, केला, सेब एवं मिठाई वितरित की गई। सेवा कार्य में नागेंद्र सोनी, अरुण कुमार सिंह, जय प्रकाश यादव, दिवाकर द्विवेदी (डायरेक्टर, माइंड डेवलपमेंट सेंटर) एवं सुनील अग्रवाल ने अपनी ओर से मच्छरदानियां उपलब्ध कराकर सहयोग किया। वहीं समिति के सदस्य विकास शर्मा ने वृद्धजनों को Colgate मंजन, नहाने का साबुन, गमछा एवं शुगर-फ्री बिस्किट वितरित किए। कार्यक्रम में बोल बम सेवा समिति के संस्थापक एवं आयोजक राजेश जी ने सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि सभी सदस्यों के सामूहिक सहयोग और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा और जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना भी है। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार किया गया सहयोग मिलकर बड़े सेवा कार्य का रूप लेता है और जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी व अपनापन लाता है। यही समिति की सबसे बड़ी ताकत है। समिति भविष्य में भी इसी भावना के साथ सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।










