Home / Uncategorized / नारायणी के ‘सैलाब’ में उजड़े चार घर! भारत में मिले 4 शव, डीएनए सैंपल के बाद नेपाल को सौंपे

नारायणी के ‘सैलाब’ में उजड़े चार घर! भारत में मिले 4 शव, डीएनए सैंपल के बाद नेपाल को सौंपे

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, महराजगंज
घुघली पल्टू मिश्रा
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नारायणी नदी में बहकर भारतीय सीमा में पहुंचे चार अज्ञात शवों की पहचान नहीं हो सकी। निचलौल क्षेत्र के टेलफाल के पास नदी में शव बहते देख स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद एसएसबी और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीन महिलाओं और एक पुरुष के शवों को नदी से बाहर निकाला।
शवों की पहचान के लिए प्रशासन ने निर्धारित 72 घंटे तक इंतजार किया, लेकिन इस दौरान किसी ने भी शवों पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। भविष्य में परिजनों द्वारा पहचान का दावा किए जाने की स्थिति में वैज्ञानिक जांच के लिए पोस्टमार्टम के दौरान डीएनए सैंपल सुरक्षित रखे गए।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों शवों को देर रात ठूठीबारी बॉर्डर के रास्ते नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शव नेपाल प्रशासन को सुपुर्द किए गए।
नेपाल पुलिस की ओर से शवों को एंबुलेंस से ले जाया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एंबुलेंस को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने बॉर्डर तक एस्कॉर्ट किया, जिसके बाद महेशपुर सशस्त्र प्रहरी पुलिस, नवलपरासी की टीम शवों को लेकर नेपाल रवाना हुई।
नारायणी की बाढ़ ने सिर्फ तबाही के निशान नहीं छोड़े, बल्कि चार परिवारों के अपनों को भी अपने साथ बहा ले गई। अब डीएनए सैंपल ही इन अज्ञात मृतकों की पहचान और उनके परिजनों तक पहुंचने की उम्मीद बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *