Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के बिरना गांव में 200 एकड़ से अधिक धान की फसल जलमग्न

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के बिरना गांव में 200 एकड़ से अधिक धान की फसल जलमग्न

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के बिरना गांव में 200 एकड़ से अधिक धान की फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने इस समस्या के समाधान के लिए शुक्रवार तक का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। पिछले लगभग 20 वर्षों से क्षेत्र के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी धान की फसलें हर साल प्रभावित होती हैं। वर्तमान में भी फसलें बर्बाद होने के कगार पर हैं।

जलमग्न फसलों का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ को ग्रामीणों ने अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने विधायक से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद, पूर्व विधायक ने तत्काल तहसील के अधिकारियों से बात की और समस्या के निदान का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शुक्रवार तक जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो बिरना गांव स्थित काली माता मंदिर प्रांगण में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

पूर्व विधायक ने बताया कि किसानों को धान की रोपाई में कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। बीज और खाद महंगे हो गए हैं, ऐसे में फसल का नुकसान किसानों के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि फसलें बर्बाद हो गईं, तो स्थानीय लोगों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ को गांव की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। इस मौके पर गोपाल सिंह, मुन्ना सिंह, नवल सिंह, विजय, कांता सिंह, संजय सिंह, जीवन सिंह, गुड्डू, पप्पू, महेंद्र, भीम, मुकुंद, नकुल सिंह, रामलाल प्रजापति और बजरंगी लोहार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *