प्रदेश के 61 शिक्षकों को मिला राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया है। इनमें जिले के अजीत कुमार श्रीवास्तव भी शामिल हैं। शासन की ओर से जारी सूची में उनका चयन पुरस्कार के लिए किया गया है। बताते चले की अजीत उच्च प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमाबाद, विकासखंड मुरली छपरा में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। राज्य स्तरीय चयन समिति की 13, 14, 18 एवं 19 अगस्त 2025 को हुई बैठकों की कार्यवाही में की गई संस्तुति के आधार पर प्रदेश के कुल 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 प्रदान किए जाने की स्वीकृति दी गई है। शासन के 31 अगस्त के पत्र में पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई है। सूची में जिले के अजीत कुमार श्रीवास्तव का नाम आठवें क्रम पर है। शासन के इस निर्णय के बाद जिले के शिक्षकों में भी खुशी का माहौल है। शिक्षकों एवं सहकर्मियों ने अजीत को राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर बधाई दी है।
राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित हुए बलिया के शिक्षक अजीत कुमार श्रीवास्तव









