Home / Uncategorized / कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर सजा राधा-कृष्ण मंदिर, श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर

कान्हा के जन्मोत्सव को लेकर सजा राधा-कृष्ण मंदिर, श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। रेणुकूट। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व को लेकर रेणुकूट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में आयोजन समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु जुटे हुए हैं।मंदिर परिषद के अध्यक्ष गोपाल सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक रूप दिया जा रहा है। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से मंदिर की विशेष सजावट की जा रही है। मंदिर की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन, पूजा-अर्चना और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी तैयारियां चल रही हैं आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी पर्व को श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न कराने का प्रयास किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति और कृष्णमय माहौल रहने की उम्मीद है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होकर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आनंद लेने के लिए उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *