पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र की रेणुकूट चौकी अंतर्गत हिंडालको सेकंड प्लांट के आवासीय परिसर के पास शनिवार को 17 वर्षीय छात्रा की घर में फंदे से लटकी हालत में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक किशोरी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। परिजनों के अनुसार, छात्रा शुक्रवार रात अपने भाई, बहन और मां के साथ राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने गई थी। परिवार करीब रात एक बजे घर लौटा था। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में लग गए। छात्रा के पिता ए शिफ्ट की ड्यूटी के लिए हिंडालको प्लांट चले गए, जबकि उसकी मां भी काम पर चली गई।परिजनों के मुताबिक, तबीयत खराब होने के कारण छात्रा की मां दोपहर करीब एक बजे घर लौट आई। देर रात तक जागने के कारण परिवार के अधिकांश सदस्य दोपहर में सो रहे थे। करीब 2:30 बजे छात्रा की छोटी बहन की नींद खुली तो उसने अपनी बहन को घर में लगी पाइप से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। बहन के शोर मचाने पर मां की नींद खुली। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से छात्रा को नीचे उतारा गया और तत्काल ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।









