पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। ग्रासिम इंडस्ट्रीज कॉलोनी परिसर में एक बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि क्वार्टर में रहने वाली अर्चना तिवारी अपने भाई के निधन के कारण करीब एक सप्ताह से लखनऊ गई हुई हैं। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद आवास को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी ली हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और चोरी की गई वस्तुओं की पूरी सूची अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस को प्रार्थना पत्र मिलने के बाद चोरी गए सामान का विस्तृत ब्योरा और नुकसान का आकलन स्पष्ट होने की उम्मीद है। इस संबंध में पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि डायल 112 पुलिस के मौके पर पहुंचने की सूचना उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि ग्रासिम की ओर से अभी तक चोरी के संबंध में थाने में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद आवासों की निगरानी और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। लोगों ने घटना की जांच, चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की मांग की है।









