10 सूत्रीय मांगों और लंबित मामलों के समाधान का मिला भरोसा, एक सप्ताह में निस्तारण का आश्वासन
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो गाजीपुर
(सैदपुर)।

दिव्यांगजनों की समस्याओं और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने गोरखपुर जाने की तैयारी कर रहे दिव्यांगजनों का कार्यक्रम सोमवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। विकलांग युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव बृजमोहन वर्मा के नेतृत्व में दिव्यांगजन सैदपुर थाने के पास से फ्लैग मार्च करते हुए रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन द्वारा गोरखपुर रवाना होना था।
इस दौरान स्टेशन के निकट उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। अधिकारियों ने दिव्यांगजनों की मांगों और निजी मामलों के संबंध में एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई एवं निस्तारण का भरोसा दिया। प्रशासन के आश्वासन पर संगठन के पदाधिकारियों ने अपना प्रस्तावित गोरखपुर कूच स्थगित कर दिया और दोपहर करीब तीन बजे वापस लौट गए।
फ्लैग मार्च के दौरान दिव्यांगजन भाजपा का झंडा और टोपी धारण किए हुए थे तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगा रहे थे। दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि समाज के इस संवेदनशील वर्ग की अपेक्षाओं और अधिकारों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष कमलेश राम, महामंत्री हृदयनारायण सिंह, रामवृक्ष (मरदह), श्याम राजभर (कोलवर), पलटन (मेहनगर), गोविंद सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। प्रशासन के आश्वासन के बाद दिव्यांगजनों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।










