स्वच्छता समिति की बैठक में लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी, कार्रवाई के कड़े निर्देश
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो महराजगंज
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने घुघली के एडीओ (पंचायत) के खराब प्रदर्शन को असंतोषजनक बताते हुए तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब कर वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए।
बैठक में डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि व्यक्तिगत शौचालय के लंबित 2722 आवेदनों में से 446 का निस्तारण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने पर संबंधित एडीओ की एक माह की वेतन वृद्धि रोकने के भी आदेश दिए गए।
उन्होंने कहा कि शौचालयों की ट्रेंचिंग और सत्यापन कार्य को तेज किया जाए। इसके साथ ही सी ग्रेड पर आंकी गई ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने और पंचायत भवनों में विभिन्न सेवाओं व योजनाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर बल देते हुए, स्वयं की आय बढ़ाने के उपाय करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में प्लास्टिक कचरे के निस्तारण हेतु कार्ययोजना बनाई जाए और इसका प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए।
स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 25 सितंबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत में 4-4 सीटीज का चयन कर सफाई अभियान चलाने और वृक्षारोपण अभियान की गति तेज करने के भी निर्देश दिए गए।










