मुगलसराय में चार बच्चों के पिता ने की आत्महत्या
38 वर्षीय कृष्णा गिरी ने घर में लगाई फांसी, पारिवारिक कलह बनी वजह
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, चंदौली।
मुगलसराय के अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव में कृष्णा गिरी (38) ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने घर में दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। मृतक के चार छोटे बच्चे हैं। सबसे बड़े बेटे प्रिंस की उम्र 7 साल, बेटी प्रिया 5 साल, पीयूष 3 साल और सबसे छोटे बच्चे की उम्र 2 साल है।
सुबह 9:30 बजे ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और शव को बाहर निकाला। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह आत्महत्या का कारण लग रहा है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। मृतक की पत्नी संजू देवी और परिजन शोक में डूबे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर दिशा से जांच की जा रही है।










