खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, युवा चेतना समिति ने मनाया 25वां स्वर्ण पदक समारोह
शतरंज और हॉकी खिलाड़ियों को किया गया विशेष सम्मान
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, गोरखपुर।
युवा चेतना समिति द्वारा शनिवार शाम मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में आयोजित डॉ. एस.पी. अग्रवाल स्मृति प्रतियोगिता और सुभाष चंद्र अग्रवाल स्मृति हॉकी टूर्नामेंट में उत्कृष्ट सहयोगियों व खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन समिति की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में शतरंज और हॉकी के उभरते खिलाड़ियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही आगामी स्वर्ण पदक सम्मान समारोह के लिए विभिन्न खेल संगठनों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के नाम मांगे गए।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में डॉ. विमल मोदी, डॉ. मोहन झा, और रामपाल सिंह की मौजूदगी रही। उन्होंने कहा कि खेल न सिर्फ प्रतिस्पर्धा, बल्कि जीवन जीने की कला और राष्ट्र निर्माण की दिशा है।
समिति अध्यक्ष मांधाता सिंह ने 25 वर्षों की यात्रा को युवाओं की चेतना और समाजसेवा का प्रतीक बताया, वहीं संरक्षक विनोद प्रकाश पांडेय ने संस्था के आदर्शों को प्रेरणास्रोत बताया।
विशेष सम्मान पाने वालों में अंजू सिंह, रीता मिश्रा, शहाब हुसैन, जितेंद्र सिंह (शतरंज), अनंग अग्रवाल आदि शामिल रहे।
इसके अलावा नीरज राज (शूटिंग), मदन चरण श्रीवास्तव (बैडमिंटन), आनंद जीत लाल (टेनिस), विनोद कुमार सिंह (रेलवे कोच), एन.डी. सिंह, अमित कुमार सिंह, शिवेंद्र सिंह, आशुतोष मिश्र, महेश गोपाल गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।










