मुगलसराय कोल मंडी में जीएसटी टीम और व्यापारियों में टकराव
ट्रकों के नंबर नोट करने पर व्यापारियों ने किया विरोध, अधिकारियों की गाड़ी रोकी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, चंदौली।
मुगलसराय कोल मंडी में रविवार को वाराणसी की जीएसटी टीम और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। जीएसटी टीम मंडी में आकर ट्रकों के नंबर नोट कर रही थी। व्यापारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया।
व्यापारियों ने अधिकारियों की गाड़ी को रोक लिया। उनका आरोप था कि अधिकारी मंडी में भय का माहौल बना रहे हैं। व्यापारियों का सवाल था कि किस नियम के तहत गाड़ियों की सूची बनाई जा रही है।
चंदौसी कोल मंडी से कई राज्यों में कोयले की आपूर्ति होती है। यहां रोजाना 800 से 1000 ट्रक आते हैं। मंडी में करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इसी वजह से जीएसटी टीम की नजर इस मंडी पर रहती है।
मोबाइल यूनिट सेकेंड में तैनात राज्य कर अधिकारी बाल चंद ने बताया कि उनका हाल ही में गोरखपुर से वाराणसी ट्रांसफर हुआ है। वे असिस्टेंट कमिश्नर के निर्देश पर गाड़ियों का सत्यापन करने आए थे।
कोल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित बगड़िया के अनुसार अधिकारी पिछले 3-4 दिनों से मंडी में आकर गाड़ियों के नंबर नोट कर रहे थे। इससे व्यापारियों में भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपना क्षेत्राधिकार छोड़कर यहां आए थे।
विवाद बढ़ने पर व्यापारी अधिकारियों को अपने कार्यालय ले गए। वहां लंबी वार्ता के बाद जीएसटी के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।










