फ्लाइट में हंगामा: कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश, 9 यात्री हिरासत में
एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-वाराणसी उड़ान में अफरा-तफरी, शौचालय समझ कर दरवाजा खोलने का दावा
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु से वाराणसी आ रही फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कुछ यात्रियों ने उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। क्रू मेंबर्स ने तत्काल उन्हें रोका, लेकिन इसके बाद यात्री हंगामा करने लगे। विमान के वाराणसी पहुंचने पर सीआईएसएफ ने नौ यात्रियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सभी ने दावा किया कि उन्होंने शौचालय समझकर दरवाजा खोलने की कोशिश की थी।
घटना सोमवार सुबह की है। फ्लाइट नंबर IX-1086 सुबह 8:14 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई थी और 10:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरी। इसी दौरान नौ युवकों के एक समूह में से कुछ ने फ्लाइट के कॉकपिट डोर की ओर बढ़कर उसे खोलने का प्रयास किया। क्रू की सजगता से दरवाजा नहीं खुला, लेकिन यात्रियों के व्यवहार से फ्लाइट में बैठे अन्य यात्रियों में डर और असहजता फैल गई।
*तुरंत दी गई सीआईएसएफ को सूचना*
विमान के लैंड करते ही एयरलाइंस स्टाफ ने सीआईएसएफ को घटना की जानकारी दी। सीआईएसएफ ने मनि आर., योगेश सी., धनुष आर., श्रीमंथा एस., मणिकांता बी., शिवा कुमार एच., मंजूनाथ एम., सुदीप एन.वी. और हर्ष बी. को हिरासत में ले लिया। सभी को पूछताछ के लिए बाबतपुर पुलिस चौकी को सौंपा गया।
*‘गलती से’ कहा, लेकिन मामला गंभीर*
पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा शौचालय समझकर खोलने की कोशिश की थी और जब क्रू ने टोका तो हंसी-मजाक में प्रतिक्रिया दे दी। हालांकि, पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले को हल्के में नहीं लिया है।
बाबतपुर चौकी प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि पूछताछ जारी है और विमान की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही या शरारत को गंभीर अपराध माना जाता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विमान सुरक्षा पर फिर उठा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर हवाई यात्रा में सुरक्षा मानकों और जागरूकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यात्रियों को बोर्डिंग से पहले जरूरी सुरक्षा निर्देशों की पूरी जानकारी दी जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
एयरलाइंस के एक अधिकारी ने कहा, “फ्लाइट में कॉकपिट का दरवाजा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र होता है। किसी भी यात्री द्वारा इसे खोलने का प्रयास विमान और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।”









