Home / Trending News / सड़क हादसा: सेवानिवृत्त फौजी समेत चार की दर्दनाक मौत, तीन महिलाएं घायल

सड़क हादसा: सेवानिवृत्त फौजी समेत चार की दर्दनाक मौत, तीन महिलाएं घायल

सड़क हादसा: सेवानिवृत्त फौजी समेत चार की दर्दनाक मौत, तीन महिलाएं घायल

गया से पिंडदान कर लौट रहे थे सभी, हाईवे पर खड़ी बोलेरो में घुसी तेज रफ्तार गाड़ी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो प्रयागराज (सोरांव)।

(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)

वाराणसी-कानपुर हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सेवानिवृत्त सैनिक, उनकी पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग गया (बिहार) से पिंडदान कर लौट रहे थे और रास्ते में उनकी बोलेरो गाड़ी बिगड़ गई थी।

 

तड़के करीब 3:45 बजे बिगहियां पुल के पास हाईवे किनारे सभी लोग आराम कर रहे थे कि अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खड़ी बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। सभी घायलों को तत्काल एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

मृतकों की पहचान सुरेश बाजपेयी (61) और उनकी पत्नी तारा देवी (58), सुरेश सैनी (60), तथा राम सागर अवस्थी (55) के रूप में हुई है। वहीं, प्रेमा देवी, ममता देवी और कोमल देवी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसे में प्रेम नारायण पांडेय बाल-बाल बच गए।

 

सभी लोग मूल रूप से कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के गुलौली गांव के रहने वाले थे। चार सितंबर को सभी पिंडदान के लिए गया रवाना हुए थे और 31 हजार रुपये में बोलेरो गाड़ी बुक की थी। ड्राइवर रामू शर्मा उर्फ अजय शर्मा गाड़ी चला रहा था। रास्ते में बोलेरो खराब हो गई, जिसके बाद चालक मिस्त्री बुलाने चला गया। उसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया।

 

*गांव में पसरा मातम*

एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक सुरेश बाजपेयी सेना से सेवानिवृत्त थे, जबकि राम सागर अवस्थी खेती करते थे। सुरेश सैनी फूलों का व्यवसाय करते थे।

एफआईआर दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

सोरांव थाना पुलिस ने मृतक सुरेश बाजपेयी के बेटे सागर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *