आजमगढ़ पर्पल फेयर: जिला अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने किया उद्घाटन
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो,गोरखपुर
गोरखपुर।सीआरसी द्वारा आजमगढ़ में पर्पल फेयर का आयोजन किया गया। 23 और 24 सितंबर 2025 तक स्थानीय हरिऔध कला केंद्र में चलने वाले इस कार्यक्रम का जिला अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निर्देश के अनुसार देश के सभी जनपदों में पर्पल फेयर का आयोजन होना है। जिसमें विभाग ने इस बार आजमगढ़ को चुना था। इस पर्पल फेयर को आयोजित करने की जिम्मेदारी सीआरसी गोरखपुर को दी गई थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अधिकारी रवीन्द्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिव्यांगों के समावेशन में जहां मदद मिलती है वही अलग-अलग प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधि, खेलकूद की गतिविधियों में शामिल होने पर दिव्यांगजनों का मनोबल भी बढ़ता है। पर्पल फेयर के बारे में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भारत सरकार के सचिव महोदय का मानना है कि पर्पल फेयर के माध्यम से देश के ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाई जा सकती है और उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाया जा सकता है। इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर अतिथि राज्य दिव्यांगजन आयुक्त उत्तर प्रदेश सरकार डॉ हिमांशु शेखर झा ने संबोधित करते हुए कहा कि सीआरसी गोरखपुर ने पहले गोरखपुर में और अब आजमगढ़ में पर्पल फेयर का आयोजन करके उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजनों को एक नई दिशा प्रदान की है। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के निदेशक श्री प्रदीप ए ने पर्पल फेयर की सफलता पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
बतौर विशिष्ट अतिथि सुश्री मीनू सिंह उपनिदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग उत्तर प्रदेश सरकार भी इस कार्यक्रम में उपस्थिति रही।पर्पल फेयर के बारे में विस्तार से बताते हुए सीआरसी गोरखपुर के निदेशक जितेंद्र यादव ने बताया कि पर्पल फेयर का उद्देश्य जनपद स्तर पर दिव्यांगजनों हेतु उपलब्ध भारत सरकार की सेवाओं, सुविधाओं और रियायतों को दिव्यांगजनों तक पहुंचाना है ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इन सुविधाओं के बारे में जागरूक हो सकें और भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं का लाभ उठा सकें। निदेशक ने यह भी बताया कि आजमगढ़ में होने वाले इस पर्पल फेयर की तैयारी के लिए सीआरसी गोरखपुर की टीम पिछले लगभग एक महीने से युद्ध स्तर पर काम कर रही थी। जो आज सफल हो गया। इस पर्पल फेयर में पूर्वांचल शिक्षा समिति, बजरंग शिक्षा समिति, हीमोफीलिया वेलफेयर सोसाइटी,पूर्वांचल थैलेसीमिया सोसाइटी, क्योर इंडिया, जिला उद्योग केंद्र आजमगढ़, जिला सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़, बचपन डे केयर सेंटर आजमगढ़, बाबा जिला गिलासुदास स्मारक शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, ओम शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, प्रगति कॉलेज आफ स्पेशल एजुकेशन, जनोदय समेकित संस्थान, समग्र शिक्षा अभियान आजमगढ़, महिला एवं बाल विकास विभाग आजमगढ़, प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र गोरखपुर, रघुनाथ सिंह स्मारक वेलफेयर ट्रस्ट, सीआरसी गोरखपुर, डिज्ली, आईएसएलआरटीसी नई दिल्ली जैसी 20 से ज्यादा दिव्यांगजनों के लिए काम कर रही संस्थाओं ने स्टॉल लगाकर प्रदर्शनी लगाई। इसके अलावा आजमगढ़ जनपद के 15 से ज्यादा संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से सब का मन मोह लिया। इसके अलावा चलन दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों की गुरु गोरखनाथ एकादश और काशी विश्वनाथ एकादश के बीच में एक क्रिकेट मैच भी हुआ। इसी कार्यक्रम के तहत कल बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण का वितरण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान से डॉ पंकज शाह उपस्थित रहे। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शान्त प्रकाश श्रीवास्तव का इस कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा तथा उन्होंने जनपद के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया था। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक नागेंद्र पांडे सहित सीआरसी गोरखपुर के सभी अधिकारी और कर्मचारी गण मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 1000 की संख्या में दिव्यांगजनों के साथ-साथ सामान्य लोगों ने भी प्रतिभाग किया।










