डीडीयू स्टेशन के पास पुराने बस स्टैंड पर बुल्डोजर
रेलवे की जमीन पर अवैध दुकानें हटाई, लीज 2020 में खत्म हो गई थी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, चंदौली।
डीडीयू रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित बंद बस स्टैंड परिसर से अवैध दुकानें हटा दी गई हैं। मंगलवार को रेल प्रशासन ने बुल्डोजर की मदद से पांच से अधिक अवैध दुकानों को ध्वस्त किया।
यह जमीन रेलवे ने परिवहन निगम को लीज पर दी थी। यहां बस स्टैंड, यात्री विश्राम स्थल और टिकट घर बने थे। 2020 में लीज समाप्त होने के बाद रेलवे ने परिवहन निगम को नोटिस दिया। इसके बाद बसों का ठहराव बंद हो गया। लेकिन दुकानें अवैध रूप से चलती रहीं।
हाल ही में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अवैध दुकानों को देखकर नाराजगी जताई और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। मंगलवार को स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, अहुजा, आईओडब्लू घनश्याम दुबे और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ के अनुसार, खाली कराई गई भूमि रेलवे के कब्जे में ली जाएगी। स्टेशन के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल मौजूद था, जिससे किसी तरह का विरोध नहीं हुआ।










