डीजल चोरी करते पकड़ा गया ड्राइवर, नगर आयुक्त ने मौके पर ही किया बर्खास्त
फॉगिंग वाहन से गैलन में निकाल रहा था डीजल, औचक निरीक्षण में हुआ खुलासा
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
नगर निगम के परिवहन कार्यशाला में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने एक ड्राइवर को फॉगिंग वाहन से डीजल निकालते रंगे हाथ पकड़ लिया। यह ड्राइवर धर्मेंद्र कुमार आउटसोर्सिंग के जरिए तैनात था और फॉगिंग मशीन वाहन का संचालन करता था।
नगर आयुक्त जनसुनवाई के बाद कार्यशाला का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर एक वाहन पर पड़ी, जहां धर्मेंद्र गैलन में डीजल भर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम व पद बताया, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी सेवा समाप्त कर दी।
उन्होंने आउटसोर्सिंग एजेंसी डूडा को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि इस कर्मी की भविष्य में किसी भी विभाग में पुनर्नियुक्ति न की जाए।
नगर आयुक्त ने परिवहन प्रभारी को निर्देशित किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही उन्होंने सभी ड्राइवरों को चेतावनी दी कि यदि किसी अन्य द्वारा भी ऐसी हरकत करते हुए पाया गया, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।










