चोलापुर में एफएलएन प्रशिक्षण सम्पन्न, 754 शिक्षक हुए दक्ष
नई पाठ्यपुस्तकों और शिक्षण रणनीतियों की दी गई गहराई से जानकारी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2022-23 के तहत संचालित फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन) प्रशिक्षण का समापन 22 सितम्बर 2025 को बीआरसी चोलापुर पर हुआ। यह प्रशिक्षण 24 जुलाई से शुरू होकर आठ चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 754 शिक्षकों, प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक एवं शिक्षामित्र को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कक्षा 1 से 3 तक की हिंदी, गणित व अंग्रेजी की नवीन पाठ्यपुस्तकों पर कार्य की रणनीतियां, कक्षा संचालन, शिक्षण चुनौतियां एवं समाधान, सहायक सामग्री, तथा शिक्षक संदर्शिका आधारित शिक्षण विधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही कक्षा 4 व 5 की हिंदी एवं गणित शिक्षण की रणनीतियों पर भी फोकस किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी नागेन्द्र सरोज के नेतृत्व में हुआ, जिन्होंने समय-समय पर प्रशिक्षण का अनुश्रवण कर शिक्षकों से फीडबैक भी लिया। प्रदेश स्तर से प्रशिक्षण की ऑनलाइन निगरानी की गई, वहीं जिला स्तरीय टीमों ने भी समय-समय पर निरीक्षण किया।
प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में पूर्व एआरपी भारतीश मिश्र, एआरपी पुनीत कुमार सिंह, अरविन्द दीक्षित, अरुण पाण्डेय और सुनील कुमार यादव ने प्रमुख भूमिका निभाई। प्रशिक्षण व्यवस्थापन का कार्य कार्यालय सहायक पंकज मिश्र द्वारा किया गया।










