विद्यालय में बच्ची बनी एक दिन की प्रधानाध्यापक, मिशन शक्ति अभियान की अनोखी पहल
पूर्वांचल राज्य, वाराणसी।
चौबेपुर, वाराणसी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में एक अनोखी पहल की गई। विद्यालय की छात्रा सेजल सोनकर को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश राम ने सेजल सोनकर को चार्ज सौंपते हुए छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विद्यालय की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के क्रम में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन देवी स्वरूप की स्तुति कराई गई थी। वहीं, द्वितीय दिवस पर बच्ची को प्रधानाध्यापक बनाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चियों में कर्तव्य और जिम्मेदारी का बोध होगा। बचपन से ही वे नेतृत्व और कर्तव्यों के प्रति सजग बनेंगी। यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. सुमन ने आगे कहा कि आज नारी शक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। हमारे देश की बेटियों ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को धूल चटाकर यह साबित कर दिया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मिशन शक्ति जैसे अभियानों से बेटियों की भागीदारी बराबरी की ओर बढ़ रही है और आने वाला समय इसका साक्षी बनेगा।










