मुगलसराय कोतवाली के बाहर नारियल विक्रेता और वकील में विवाद
अतिक्रमण हटाने के लिए रात में चला जेसीबी, पुलिस ने दुकानदारों को किया गिरफ्तार
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, चंदौली।
मुगलसराय कोतवाली परिसर के बाहर नारियल पानी की दुकान पर एक वकील और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। दुकानदार ने वकील पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद कोतवाल गगन राज सिंह ने कड़ी कार्रवाई करते हुए थाने के बाहर अवैध रूप से लगी सभी दुकानों को हटाने का आदेश दिया। रात में ही जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया गया और जमीन की खुदाई कर दी गई। कोतवाली गेट पर लंबे समय से दुकानदारों ने ठेले लगाकर स्थायी अड्डा बना रखा था।
कोतवाल गगन राज सिंह ने कहा कि थाने के बाहर किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाने के बाहर अब किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।










