दशाश्वमेध घाट पर मिला महिला का शव, पहचान के लिए पुलिस जुटी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
दशाश्वमेध घाट पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंगा नदी में एक वृद्ध महिला का शव तैरते हुए नजर आया। स्थानीय निवासियों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 70-75 वर्ष आंकी गई है। शव को देखकर प्रतीत हो रहा था कि महिला ने साड़ी पहनी थी, जो पानी में भीगने के कारण गंदी और फटी हुई थी। शव कई घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला का शव कहीं और से बहकर दशाश्वमेध घाट तक पहुंचा होगा।
पुलिस ने घटना की गम्भीरता को समझते हुए आसपास के लोगों और नाविकों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आस-पास के थानों को सूचित किया है, ताकि यदि किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हो, तो इसे जोड़कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।
फिलहाल, पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई है और मामले की छानबीन जारी है।










