वाराणसी में रिश्तों को किया शर्मसार: चाचा की अश्लील हरकतों से त्रस्त युवती, पुलिस ने किया गिरफ्तार
तीन दिनों तक लगातार छेड़छाड़, रुपये दिखाकर बहकाने की कोशिश, पीड़िता ने दी लिखित तहरीर
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
कैंट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक युवती ने अपने चाचा पर तीन दिनों तक लगातार छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि जब घर के अन्य सदस्य काम पर चले जाते और वह अकेली होती, तब उसके चाचा घर में जबरन घुसकर कभी छत पर तो कभी कमरे में उसे परेशान करता। आरोपी रुपये दिखाकर उसे बहकाने की कोशिश करता और अश्लील हरकतें करता था। इस स्थिति से युवती मानसिक रूप से बेहद भयभीत और तनावग्रस्त हो गई थी।
परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क किया। वहीं, आरोपी को जब शिकायत की भनक लगी, तो उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकाने का प्रयास किया।
प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 78, और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे आवश्यक सहायता और संरक्षण प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि जब घर के भीतर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो समाज में सुरक्षा का माहौल कैसे बनेगा।
यह मामला महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों की गंभीरता को रेखांकित करता है। ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई न केवल पीड़ित को न्याय दिलाने में सहायक होती है, बल्कि समाज में एक सशक्त संदेश भी देती है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।










