चोलापुर में चला यातायात जागरूकता अभियान
पूर्वांचल राज्य, वाराणसी (चोलापुर)।
संवादाता ( राजेश कुमार वर्मा)
चोलापुर में शुक्रवार 26 सितंबर को दीपराज स्कूल (चोलापुर ब्लाक, कटारी) में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (प्रभारी चोलापुर/चौबेपुर) बृजेश कुमार, देवानंद बरनवाल, नारायण सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार एवं होमगार्ड अजय सोनकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य सत्यभामा यादव ने की। विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बच्चों को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, मोबाइल फोन का उपयोग न करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना, ट्रैफिक लाइट्स और ज़ेब्रा क्रॉसिंग का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, और ओवरलोडिंग से बचना जैसे नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही, यह भी बताया गया कि बाइक पर तीन सवारी नहीं बैठाना चाहिए, क्योंकि यह न केवल कानूनन गलत है, बल्कि अत्यंत खतरनाक भी है।
चार पहिया वाहनों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग पूर्णतया वर्जित है, और वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाना प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे दृश्यता प्रभावित होती है और अपराध की आशंका बढ़ जाती है।
छात्रों को यह भी बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के माध्यम से समाज में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना था, ताकि एक सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके।










