Home / Trending News / युवक के पेट से निकले 29 स्टील चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन, डॉक्टर भी रह गए दंग

युवक के पेट से निकले 29 स्टील चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन, डॉक्टर भी रह गए दंग

युवक के पेट से निकले 29 स्टील चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन, डॉक्टर भी रह गए दंग

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो हापुड़।

(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों तक को हैरान कर दिया। एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे युवक के पेट से ऑपरेशन के दौरान 29 स्टील की चम्मचें, 19 टूथब्रश और 2 नुकीले पेन बरामद किए गए।

जानकारी के मुताबिक, यह युवक बुलंदशहर निवासी 40 वर्षीय सचिन है, जिसे नशे की लत के चलते परिजनों ने एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान मानसिक तनाव और अकेलेपन के चलते युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।

पेट दर्द से खुली पोल

नशा मुक्ति केंद्र में रहते हुए सचिन ने स्टील की चम्मचें, टूथब्रश और पेन निगलने की आदत बना ली। धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द रहने लगा। परिजन उसे हापुड़ के देवनंदिनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा कराए गए अल्ट्रासाउंड में पेट में कई धातु जैसी वस्तुएं दिखाई दीं।

ऑपरेशन के दौरान निकली हैरतअंगेज चीजें

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्याम कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया। डॉ. श्याम ने बताया कि युवक को तुरंत ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया, जहां पेट खोलने पर चिकित्सकों की टीम भी दंग रह गई। सचिन के पेट से एक-एक कर 29 स्टील की चम्मचें, 19 टूथब्रश और 2 नुकीले पेन निकाले गए।

ऑपरेशन के बाद युवक को काफी राहत मिली और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

मानसिक रोग से जुड़ा है मामला

डॉक्टरों का कहना है कि यह एक गंभीर मनोवैज्ञानिक विकार है, जिसमें व्यक्ति आत्म-हानि की ओर प्रवृत्त हो सकता है। ऐसे मरीज अपनी भावनात्मक स्थिति या मानसिक तनाव के चलते कुछ भी निगलने लगते हैं, जिससे उनकी जान तक खतरे में पड़ सकती है।

डॉक्टरों के मुताबिक, सचिन को समय रहते सही उपचार मिल गया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल सचिन की स्थिति में सुधार है और उसके परिजनों ने भी राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *