लखनऊ: पीएसी के स्विमिंग पूल में डूबे क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर की मौत, जांच में जुटी पुलिस
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो लखनऊ।
(संवाददाता- राजेश कुमार वर्मा)
उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 35वीं बटालियन पीएसी के स्विमिंग पूल में लखनऊ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्वनी चतुर्वेदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक अधिकारी की पहचान अश्वनी चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के निवासी थे।
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे महानगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि पीएसी के स्विमिंग पूल में एक व्यक्ति डूब गया है। मौके पर पहुंचकर पीएसी के जवानों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला डूबने से हुई मौत का प्रतीत होता है। शव पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। बताया गया है कि इंस्पेक्टर सुबह करीब साढ़े छह बजे स्विमिंग पूल आए थे, और रजिस्टर में उनकी उपस्थिति सुबह 7 से 8 बजे के बीच दर्ज है।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि अश्वनी चतुर्वेदी पिछले वर्ष चिनहट थाने में हुई एक कथित कस्टोडियल डेथ के मामले में निलंबित चल रहे थे। उस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा अश्वनी सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधिकारी की इस अप्रत्याशित मौत से विभाग में शोक की लहर है। मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं।










