कान्हा गौशाला घुघली का हुआ स्थलीय निरीक्षण, जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य व स्वच्छता पर दिया विशेष जोर
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के साथ शनिवार को घुघली स्थित कान्हा गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं, पशुओं की संख्या, भूसा-चारा, वैक्सीनेशन, पानी की उपलब्धता और स्वच्छता का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले गौशाला परिसर में घूमकर गोवंश की स्थिति देखी और पशु चिकित्सक से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एक गोवंश कमजोर दिखने पर उन्होंने चिकित्सक को उसके स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यक दवा व पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी गोवंशों की नियमित स्वास्थ्य जांच अनिवार्य है, ताकि बीमारी या संक्रमण को समय रहते रोका जा सके। साथ ही उन्होंने गौशाला परिसर में गोबर की नियमित सफाई और समग्र स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने ईओ नगर पंचायत घुघली को निर्देशित किया कि गौशाला के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिससे गोवंश के रख-रखाव में और सुधार किया जा सके।निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान समय में कान्हा गौशाला में कुल 20 गोवंश मौजूद हैं। जिलाधिकारी ने भूसा-चारा की पर्याप्त उपलब्धता और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर नगर पंचायत घुघली के ईओ, पशु चिकित्सक, नगर पंचायत कर्मचारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










