Home / Trending News / बिना अनुमति ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस निकालने पर चार गिरफ्तार, 15 के खिलाफ कार्रवाई जारी

बिना अनुमति ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस निकालने पर चार गिरफ्तार, 15 के खिलाफ कार्रवाई जारी

बिना अनुमति ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस निकालने पर चार गिरफ्तार, 15 के खिलाफ कार्रवाई जारी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी। 

बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस को लेकर हुई हिंसा के बाद, वाराणसी प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कई मुस्लिम इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च निकाला और चौक पुलिस ने मामले में रपट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

दालमंडी इलाके में बिना अनुमति ‘आई लव मोहम्मद’ का जुलूस निकालने के आरोप में चौक पुलिस ने शुक्रवार शाम चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। अब तक चार नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हड़हा सराय के अजहर मलिक, लल्लापुरा माताकुंड के नफीस अहमद, दालमंडी के आदिल और चौक वादी टोला के इरफान शामिल हैं। आरोप है कि उन्होंने दालमंडी में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा हुआ बैनर और पोस्टर लेकर जुलूस निकाला, जिससे आवागमन बाधित हुआ और नारेबाजी की गई। चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

‘सर तन से जुदा’ के नारे और पोस्टर के साथ जुलूस निकालने पर 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

इसी कड़ी में लोहता थाने में भी ‘सर तन से जुदा’ के नारे लगाकर और ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर के साथ जुलूस निकालने वाले 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बुधवार को कस्बे में यह जुलूस निकाला गया था, जबकि कोटवा गांव में दीवारों पर पोस्टर चिपकाए गए थे। कोटवा चौकी इंचार्ज ने पोस्टर हटवाए थे और महमूदपुर चौकी इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा की तहरीर पर शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हनुमान सेना ने धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

श्री हनुमान सेना ने चौक थाने में तहरीर देकर प्रशासन से धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि दालमंडी क्षेत्र में तकनीक का दुरुपयोग कर डीपफेक वीडियो बनाकर धार्मिक भावना भड़काने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें छोटे बच्चों का भी इस्तेमाल किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *